HomeTechnologyWhatsApp यूजर्स के लिए 3 नए सिक्योरिटी फीचर्स, Passkey से लेकर 2FA...

WhatsApp यूजर्स के लिए 3 नए सिक्योरिटी फीचर्स, Passkey से लेकर 2FA तक हुए मजबूत; ऐसे करें इनेबल

WhatsApp ने यूजर्स की प्राइवेसी और अकाउंट सिक्योरिटी को बेहतर बनाने के लिए Passkey, 2FA और अननोन कॉल से जुड़े नए फीचर्स पेश किए हैं।

WhatsApp Rolls Out 3 New Security Features: ऑनलाइन फ्रॉड और अकाउंट हैकिंग के बढ़ते मामलों के बीच WhatsApp ने अपने यूजर्स की सुरक्षा को और मजबूत करने के लिए तीन अहम सिक्योरिटी फीचर्स पेश किए हैं।

इन अपडेट्स का मकसद यूजर्स को अकाउंट एक्सेस के लिए ज्यादा सुरक्षित विकल्प देना और अनजान कॉल्स से जुड़े संभावित स्कैम की पहचान में मदद करना है। नए बदलाव Passkey, टू-फैक्टर अथॉन्टिकेशन (2FA) और अननोन कॉल्स से जुड़ी जानकारी से संबंधित हैं।

WhatsApp के 3 नए सिक्योरिटी फीचर्स क्या हैं?

एक से ज्यादा Passkey जोड़ने की सुविधा

WhatsApp पहले भी यूजर्स को अपने अकाउंट के साथ Passkey जोड़ने की सुविधा देता था। अब इसमें एक से ज्यादा Passkey जोड़ने का विकल्प दिया जा रहा है। यह सुविधा खासतौर पर उन लोगों के लिए उपयोगी होगी, जो WhatsApp को एक से ज्यादा डिवाइस पर इस्तेमाल करते हैं।

Passkey की मदद से यूजर्स फिंगरप्रिंट, फेस अनलॉक या फोन के स्क्रीन लॉक के जरिए अपने अकाउंट में लॉगइन कर सकते हैं। इससे पासवर्ड या OTP के चोरी होने की स्थिति में अकाउंट के गलत इस्तेमाल का खतरा कम किया जा सकता है।

2FA में मिला बड़ा अपडेट

WhatsApp ने अपने टू-फैक्टर अथॉन्टिकेशन यानी 2FA फीचर में भी बदलाव किया है। अभी तक यूजर्स को अकाउंट की सुरक्षा के लिए 6 अंकों का PIN सेट करने का विकल्प मिलता था।

नए अपडेट के बाद यूजर्स फोन नंबर के साथ लैटर्स और स्पेशल कैरेक्टर्स का इस्तेमाल करके ज्यादा मजबूत पासवर्ड बना सकेंगे। इससे अकाउंट को हैक करने की कोशिश करने वाले लोगों के लिए सुरक्षा को पार करना पहले की तुलना में मुश्किल हो सकता है।

अननोन कॉल करने वाले की मिलेगी ज्यादा जानकारी

WhatsApp पर अनजान नंबरों से आने वाली कॉल्स के लिए भी नया सिक्योरिटी अपडेट दिया गया है। अब किसी अननोन नंबर से कॉल आने पर सिर्फ नंबर ही नहीं, बल्कि उससे जुड़ी अतिरिक्त जानकारी भी दिखाई जाएगी।

इसमें यह जानकारी शामिल होगी कि कॉल करने वाला नंबर किस देश का है और क्या कॉल करने वाला व्यक्ति किसी ऐसे ग्रुप में आपके साथ जुड़ा हुआ है या नहीं। इससे यूजर को अनजान कॉल की विश्वसनीयता समझने में मदद मिलेगी और संभावित ऑनलाइन स्कैम से बचने में आसानी हो सकती है।

WhatsApp में Passkey कैसे करें इनेबल?

Android यूजर्स WhatsApp में Passkey एक्टिवेट करने के लिए सबसे पहले Settings में जाएं। इसके बाद Account > Passkeys पर टैप करें। अब Create Passkey विकल्प के जरिए इसे इनेबल किया जा सकता है।

वहीं iPhone यूजर्स को WhatsApp की Settings में जाकर Account सेक्शन खोलना होगा। यहां Passkeys का विकल्प मिलेगा, जहां से इसे एक्टिवेट किया जा सकता है।

धीरे-धीरे रोलआउट हो रहे हैं फीचर्स

WhatsApp इन तीनों सिक्योरिटी फीचर्स को फिलहाल धीरे-धीरे यूजर्स तक पहुंचा रहा है। इसलिए संभव है कि किसी यूजर को इनमें से कुछ फीचर्स पहले मिल जाएं, जबकि बाकी के लिए थोड़ा इंतजार करना पड़े।

हालांकि, दी गई जानकारी के मुताबिक एक-दो दिन में तीनों फीचर्स सभी WhatsApp यूजर्स के लिए उपलब्ध हो जाएंगे।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular