अब बिना WhatsApp अकाउंट के भी कर सकेंगे ऑडियो-वीडियो कॉल, आया नया Guest Calling फीचर

whatsapp features
whatsapp features PC- autotechbiz.in - AI

WhatsApp का नया फीचर उन लोगों के लिए काफी काम का साबित हो सकता है, जो किसी से ऑडियो या वीडियो कॉल पर बात करना चाहते हैं, लेकिन उनके पास WhatsApp अकाउंट नहीं है। कंपनी ने Guest Calling फीचर पेश किया है, जिसकी मदद से बिना अकाउंट वाले लोगों को भी कॉल में शामिल किया जा सकेगा। इसके लिए अलग से WhatsApp अकाउंट बनाने की जरूरत नहीं होगी।

इस सुविधा के तहत कॉल शुरू करने वाला यूजर एक लिंक तैयार करके दूसरे व्यक्ति के साथ शेयर कर सकता है। खास बात यह है कि गेस्ट कॉल को भी एंड-टू-एंड एन्क्रिप्शन की सुरक्षा मिलेगी। आइए जानते हैं कि यह फीचर कैसे काम करता है और इसे इस्तेमाल करने का तरीका क्या है।

Guest Calling फीचर से क्या-क्या होगा?

इस फीचर के जरिए WhatsApp यूजर्स अपनी वन-टू-वन कॉल के साथ-साथ ग्रुप कॉल में भी ऐसे लोगों को आमंत्रित कर सकते हैं, जिनका प्लेटफॉर्म पर अकाउंट नहीं है।

एक कॉल में गेस्ट समेत अधिकतम 32 लोग शामिल हो सकते हैं। कंपनी के मुताबिक, इन कॉल्स के लिए कोई शुल्क नहीं देना होगा और न ही कॉल की अवधि पर कोई समय सीमा होगी।

WhatsApp पर Guest Call कैसे शुरू करें?

इस सुविधा का इस्तेमाल करने के लिए नीचे दिए गए स्टेप्स फॉलो करने होंगे:

1. सबसे पहले WhatsApp खोलकर Calls टैब पर जाएं।
2. यहां दिए गए ‘+’ आइकन पर टैप करें।
3. अब कॉल लिंक बनाने का विकल्प चुनकर लिंक तैयार करें।
4. तैयार लिंक उस व्यक्ति के साथ शेयर करें, जिसे कॉल में जोड़ना है।
5. आमंत्रित व्यक्ति अपने कंप्यूटर के ब्राउजर में लिंक खोल सकता है।
6. इसके बाद उसे अपना नाम दर्ज करके कॉल में शामिल होने के लिए रिक्वेस्ट भेजनी होगी।

ध्यान देने वाली बात यह है कि कॉल लिंक बनाने का विकल्प केवल WhatsApp अकाउंट रखने वाले यूजर्स के लिए उपलब्ध होगा।

कॉल में किसे शामिल करना है, यह होस्ट तय करेगा

WhatsApp ने इस फीचर में सुरक्षा और कॉल पर नियंत्रण रखने के लिए होस्ट को खास अधिकार दिए हैं। लिंक मिलने के बाद गेस्ट सीधे कॉल में शामिल नहीं हो पाएगा, बल्कि उसे पहले वेटिंग रूम में रखा जाएगा।

कॉल होस्ट की मंजूरी मिलने के बाद ही गेस्ट को कॉल में प्रवेश मिलेगा। इसके अलावा, होस्ट चाहे तो कॉल के दौरान किसी भी समय गेस्ट को बाहर भी कर सकता है।

इस तरह Guest Calling फीचर उन लोगों के लिए उपयोगी हो सकता है, जिन्हें बिना WhatsApp अकाउंट वाले दोस्तों, परिवार के सदस्यों या अन्य लोगों के साथ ऑडियो और वीडियो कॉल करनी होती है।

यह भी पढ़ें- HP ZBook Ultra G3a भारत में लॉन्च, 300 अरब पैरामीटर तक के AI मॉडल चलाने की क्षमता; कीमत ₹2,89,990