HomeTechnologyApple Event 2026: सितंबर में इस दिन होगा iPhone 18 Pro सीरीज...

Apple Event 2026: सितंबर में इस दिन होगा iPhone 18 Pro सीरीज का लॉन्च इवेंट, नोट कर लें डेट और टाइम

Apple ने अपने अगले बड़े हार्डवेयर इवेंट की तारीख 9 सितंबर 2026 तय की है। इस इवेंट में iPhone 18 Pro मॉडल के साथ कंपनी के पहले फोल्डेबल iPhone समेत कई नए प्रोडक्ट्स पेश किए जाने की उम्मीद है।

Apple के आगामी प्रोडक्ट लॉन्च को लेकर चल रही अटकलों के बीच कंपनी ने अब अपने अगले बड़े हार्डवेयर इवेंट की तारीख घोषित कर दी है। कंपनी का ‘Surprise and Shine’ इवेंट 9 सितंबर 2026 को आयोजित किया जाएगा।

कार्यक्रम Apple Park के Steve Jobs Theatre, Cupertino में होगा। भारत में इसे रात 10:30 बजे से देखा जा सकेगा।

Apple ने अभी यह खुलासा नहीं किया है कि इस कार्यक्रम में किन-किन डिवाइस को पेश किया जाएगा। हालांकि, सामने आ रही रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि कंपनी नई iPhone 18 Pro और iPhone 18 Pro Max को लॉन्च कर सकती है। इसके अलावा दूसरी कैटेगरी के प्रोडक्ट्स भी इवेंट का हिस्सा बन सकते हैं। सबसे ज्यादा चर्चा Apple के संभावित पहले फोल्डेबल iPhone को लेकर है।

इस बार बदल सकता है लॉन्च का तरीका

इस साल Apple का लॉन्च इवेंट अपने आयोजन के तरीके को लेकर भी अलग हो सकता है। महामारी के बाद कंपनी ने कई हार्डवेयर लॉन्च को रिकॉर्डेड वीडियो के माध्यम से पेश किया है। अब ऐसी रिपोर्ट्स सामने आ रही हैं कि कंपनी दोबारा बड़े स्तर पर इन-पर्सन लॉन्च की तरफ लौट सकती है।

अगर ऐसा होता है तो Apple के अधिकारी मंच से नए प्रोडक्ट्स की जानकारी लाइव दे सकते हैं। वहीं, जो लोग इवेंट में शामिल नहीं हो पाएंगे, उनके लिए ऑनलाइन लाइव स्ट्रीमिंग का विकल्प भी मौजूद रहेगा। इवेंट को Apple की आधिकारिक वेबसाइट, YouTube चैनल और Apple TV ऐप के जरिए देखा जा सकेगा।

Tim Cook के बाद नए CEO के दौर की शुरुआत

इस इवेंट की अहमियत सिर्फ नए प्रोडक्ट्स तक सीमित नहीं रहने वाली है। Apple में नेतृत्व परिवर्तन के बाद यह कंपनी के लिए एक नए दौर की शुरुआत भी होगी। कंपनी की घोषित योजना के मुताबिक John Ternus 1 सितंबर 2026 से CEO की जिम्मेदारी संभालेंगे। वह फिलहाल Apple में Hardware Engineering के Senior Vice President हैं।

वहीं, Tim Cook CEO पद से हटने के बाद कंपनी के साथ जुड़े रहेंगे। उन्हें Board of Directors का Executive Chairman बनाया जाएगा। इस भूमिका में वह खास तौर पर दुनिया भर के policymakers के साथ Apple के संबंधों से जुड़े मामलों पर काम करते रहेंगे।

ऐसे में 9 सितंबर का यह कार्यक्रम Apple के लिए कई मायनों में महत्वपूर्ण होगा। एक तरफ नई iPhone सीरीज और संभावित नए डिवाइस पर दुनिया की नजर होगी, वहीं दूसरी तरफ कंपनी नए नेतृत्व के साथ अपनी आगे की रणनीति की झलक भी दे सकती है।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular