PhonePe का फीचर फोन यूजर्स के लिए बड़ा कदम, बिना इंटरनेट ऐसे होगा UPI पेमेंट

PhonePe ने फीचर फोन यूजर्स के लिए UPI 123Pay सर्विस पेश की है।
PhonePe ने फीचर फोन यूजर्स के लिए UPI 123Pay सर्विस पेश की है।

भारत में डिजिटल पेमेंट का इस्तेमाल तेजी से बढ़ रहा है, लेकिन अभी भी बड़ी संख्या में ऐसे यूजर्स हैं जो फीचर फोन इस्तेमाल करते हैं या उनके पास बेहतर इंटरनेट कनेक्टिविटी नहीं है। ऐसे लोगों को ध्यान में रखते हुए PhonePe ने UPI 123Pay सर्विस लॉन्च करने का ऐलान किया है। इस सुविधा की मदद से फीचर फोन इस्तेमाल करने वाले यूजर्स भी बिना इंटरनेट कनेक्शन के UPI पेमेंट कर पाएंगे।

PhonePe की इस पहल से देश के उन इलाकों में डिजिटल पेमेंट को बढ़ावा मिलने की उम्मीद है, जहां इंटरनेट कनेक्टिविटी कमजोर है। रिपोर्ट्स के मुताबिक, कंपनी की यह सर्विस भारत में 20 करोड़ से ज्यादा फीचर फोन यूजर्स तक पहुंच सकती है।

कैसे होगा बिना इंटरनेट UPI पेमेंट?

PhonePe UPI 123Pay को इस तरह तैयार किया गया है कि फीचर फोन यूजर्स को UPI पेमेंट के लिए इंटरनेट डेटा पर निर्भर न रहना पड़े। कंपनी ने इसके लिए अपनी टेक्नोलॉजी के साथ SMS-बेस्ड आर्किटेक्चर का इस्तेमाल किया है।

इसका फायदा खास तौर पर उन क्षेत्रों में रहने वाले लोगों को मिल सकता है, जहां इंटरनेट की स्पीड कम है या केवल सीमित 2G नेटवर्क उपलब्ध है। यानी इंटरनेट डेटा खत्म होने, स्मार्टफोन उपलब्ध न होने या कमजोर इंटरनेट कनेक्शन की स्थिति में भी फीचर फोन के जरिए डिजिटल पेमेंट किया जा सकेगा।

इन कंपनियों के फीचर फोन में मिलेगी सुविधा

PhonePe ने UPI 123Pay को ज्यादा से ज्यादा फीचर फोन यूजर्स तक पहुंचाने के लिए कई मोबाइल कंपनियों के साथ साझेदारी की है। इनमें Nokia, HMD, Lava International और itel जैसी कंपनियां शामिल हैं।

कंपनी के मुताबिक, कुछ चुनिंदा फीचर फोन मॉडल्स में यह सुविधा पहले से ही उपलब्ध कराई जाएगी। इससे इन फोन के यूजर्स बिना स्मार्टफोन और इंटरनेट के भी UPI इकोसिस्टम का हिस्सा बन सकेंगे।

फीचर फोन से कर सकेंगे ये काम

UPI 123Pay के जरिए फीचर फोन यूजर्स सिर्फ पैसे ट्रांसफर ही नहीं, बल्कि कई जरूरी बैंकिंग और पेमेंट से जुड़े काम कर सकेंगे। इसमें P2P (Person-to-Person) ट्रांसफर के जरिए किसी दूसरे व्यक्ति को पैसे भेजना शामिल है।

इसके अलावा यूजर्स P2M (Person-to-Merchant) पेमेंट के जरिए दुकानदार या व्यापारी को भी भुगतान कर सकेंगे। कैमरा वाले फीचर फोन में QR Code के जरिए पेमेंट करने की सुविधा भी मिलेगी।

इतना ही नहीं, यूजर्स अपने बैंक अकाउंट और बैलेंस की जानकारी देख सकेंगे और ट्रांजैक्शन हिस्ट्री भी चेक कर पाएंगे। इस तरह PhonePe UPI 123Pay फीचर फोन यूजर्स के लिए बिना इंटरनेट डिजिटल पेमेंट और जरूरी बैंकिंग सुविधाओं को आसान बनाने की कोशिश है।