HomeTechnologyFlipkart ने त्योहारी सीजन से पहले बढ़ाई लॉजिस्टिक्स क्षमता, 750+ नए पिन...

Flipkart ने त्योहारी सीजन से पहले बढ़ाई लॉजिस्टिक्स क्षमता, 750+ नए पिन कोड जुड़े

फ्लिपकार्ट ने ‘द बिग बिलियन डेज’ से पहले ईकार्ट के नेटवर्क का विस्तार करते हुए 1.4 करोड़ क्यूबिक फीट नई वेयरहाउसिंग क्षमता जोड़ी है। कंपनी ने 750 से अधिक नए पिन कोड को नेटवर्क में शामिल किया है, जबकि 900 से ज्यादा अतिरिक्त डिलीवरी हब और 70 नए पिक-अप स्टेशन भी जोड़े गए हैं।

त्योहारी सीजन में ऑनलाइन खरीदारी बढ़ने से पहले फ्लिपकार्ट ने अपनी सप्लाई चेन और डिलीवरी नेटवर्क को बड़े स्तर पर मजबूत किया है। कंपनी ने ‘द बिग बिलियन डेज’ की तैयारियों के तहत ईकार्ट के नेटवर्क में नई वेयरहाउसिंग क्षमता जोड़ने के साथ देश के 750 से अधिक नए पिन कोड को शामिल किया है। इनमें लेह, कारगिल और पूर्वोत्तर भारत के कई ऐसे इलाके भी हैं, जहां पहली बार ‘द बिग बिलियन डेज’ की पहुंच होगी।

फ्लिपकार्ट ने बताया कि ईकार्ट ने देशभर में 1.4 करोड़ क्यूबिक फीट अतिरिक्त वेयरहाउसिंग स्पेस तैयार किया है। इससे कंपनी की कुल स्टोरेज क्षमता में 50 प्रतिशत की वृद्धि हुई है। टेक्नोलॉजी और ऑटोमेशन से जुड़े सुधारों के जरिए पीक प्रोसेसिंग क्षमता भी 30 प्रतिशत से अधिक बढ़ाई गई है।

900 से ज्यादा नए डिलीवरी हब जोड़े

त्योहारी खरीदारी के दौरान ग्राहकों को तेज डिलीवरी उपलब्ध कराने के लिए ईकार्ट नेटवर्क में 900 से अधिक अतिरिक्त डिलीवरी हब शामिल किए गए हैं। कंपनी का लक्ष्य सेम-डे और नेक्स्ट-डे डिलीवरी की क्षमता को मजबूत करना है।

इन विस्तार के बाद ईकार्ट के देशभर में फुलफिलमेंट सेंटर, सॉर्टेशन हब और लास्ट-माइल डिलीवरी ऑपरेशंस समेत कुल केंद्रों की संख्या 8,200 से अधिक हो गई है। वहीं, 150 से ज्यादा शहरों में फ्लिपकार्ट मिनट्स के करीब 1,200 माइक्रो-फुलफिलमेंट सेंटर भी काम कर रहे हैं।

2.5 करोड़ से ज्यादा उत्पाद पहले से स्टॉक

‘द बिग बिलियन डेज’ के दौरान एमएसएमई, छोटे विक्रेताओं, बुनकरों और कारीगरों के ऑर्डर्स को तेजी से पूरा करने के लिए 2.5 करोड़ से अधिक उत्पादों की यूनिट्स पहले ही ईकार्ट के फुलफिलमेंट सेंटरों में पहुंचाई जा चुकी हैं।

इसके अलावा प्रमुख सेलर हब्स पर 70 नए पिक-अप स्टेशन बनाए गए हैं। इनका उद्देश्य विक्रेताओं के फुलफिलमेंट समय को कम करना है, ताकि त्योहारी मांग के दौरान ऑर्डर्स को तेजी से प्रोसेस किया जा सके।

3PL फ्रेंचाइज नेटवर्क 600 तक पहुंचा

ईकार्ट का 3PL फ्रेंचाइज नेटवर्क लॉन्च होने के केवल दो महीनों में दोगुना होकर 600 तक पहुंच गया है। इसके जरिए फ्लिपकार्ट मार्केटप्लेस के बाहर काम करने वाले सेलर्स और एमएसएमई को भी देशभर में लॉजिस्टिक्स सुविधाओं का लाभ मिल सकेगा।

लेह, कारगिल और पूर्वोत्तर तक पहुंचा नेटवर्क

फ्लिपकार्ट ने अपने नेटवर्क में 750 से अधिक नए पिन कोड जोड़े हैं। इस विस्तार में लद्दाख के लेह और कारगिल के अलावा राजस्थान और मध्य प्रदेश के दूरदराज इलाके भी शामिल हैं।

पूर्वोत्तर भारत में मिजोरम के कमलानगर और ज़ामुआंग, मेघालय के तुरासिटी, रेसुबेलपारा और राजाबाला तथा अरुणाचल प्रदेश के बोमडिला और तेजू जैसे इलाकों को भी नेटवर्क में जोड़ा गया है।

विशमास्टर्स को इंश्योरेंस और बोनस का लाभ

त्योहारी सीजन में डिलीवरी पार्टनर्स यानी विशमास्टर्स के लिए भी कंपनी ने कई सुविधाओं का ऐलान किया है। प्रत्येक विशमास्टर को टर्म लाइफ इंश्योरेंस, पर्सनल एक्सीडेंट कवर और मेडिक्लेम की सुविधा मिलती है। कंपनी ने बताया कि हर त्योहारी सीजन में इस कवरेज को बेहतर किया जाता है।

विशमास्टर्स और उनके परिवारों के लिए ‘डॉक्टर ऑन कॉल’ सेवा भी उपलब्ध कराई गई है। इसके अलावा इस फेस्टिव सीजन में जॉइनिंग और रिटेंशन बोनस के साथ रेफरल इंसेंटिव के जरिए अतिरिक्त कमाई का अवसर भी मिलेगा।

फ्लिपकार्ट डिलीवरी पार्टनर्स ऐप में एआई आधारित बैकग्राउंड वेरिफिकेशन की सुविधा दी गई है। कंपनी के मुताबिक, जरूरी जांच और सुरक्षा प्रक्रियाओं को पूरा करते हुए 10 मिनट से कम समय में ऑनबोर्डिंग पूरी की जा सकती है। ऐप के जरिए नए डिलीवरी पार्टनर्स को ट्रेनिंग भी दी जाती है, जिससे वे पहली शिफ्ट से पहले डिलीवरी से जुड़े जरूरी मानकों को समझ सकें।

2.5 लाख से ज्यादा रोजगार के अवसर

फ्लिपकार्ट ने आगामी त्योहारी सीजन के लिए प्रत्यक्ष और अप्रत्यक्ष रूप से 2.5 लाख से अधिक रोजगार के अवसर पैदा करने की घोषणा की है। इनमें करीब 75,000 अवसर ऐसे लोगों के लिए होंगे, जो पहली बार वर्कफोर्स का हिस्सा बनेंगे।

इन नए रोजगार अवसरों में लगभग 60 प्रतिशत लास्ट-माइल डिलीवरी से जुड़े हैं। कंपनी के मुताबिक, यह विस्तार तेज डिलीवरी की बढ़ती जरूरत और टियर-2 तथा टियर-3 शहरों में फ्लिपकार्ट मिनट्स के विस्तार से जुड़ा है।

फ्लिपकार्ट समूह के सीनियर वाइस प्रेसिडेंट और सप्लाई चेन प्रमुख हेमंत बद्री ने कहा कि हर साल ‘द बिग बिलियन डेज’ के दौरान ग्राहकों की उम्मीदें बढ़ती हैं। उनके मुताबिक, इस साल लेह और कारगिल जैसे क्षेत्रों में ग्राहक पहली बार इस सेल का अनुभव कर सकेंगे। ईकार्ट और फ्लिपकार्ट मिनट्स को मिलाकर कंपनी के पास अब 8,200 से अधिक सुविधाएं हैं, जिससे ज्यादा ग्राहकों और विक्रेताओं तक पहुंच बनाने में मदद मिलेगी।

RELATED ARTICLES

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here

Most Popular