Honda Sales October 2026: होंडा की बिक्री में अक्टूबर में 13% की बढ़ोतरी, कंपनी ने बेचे 7.34 लाख टू-व्हीलर्स

Honda Sales October 2026
Honda Sales October 2026

त्योहारी सीजन के दौरान भारतीय दोपहिया बाजार में मांग का असर कंपनियों की बिक्री के आंकड़ों में भी दिखाई दे रहा है। इसी कड़ी में Honda Motorcycle & Scooter India (HMSI) ने अक्टूबर 2026 के बिक्री आंकड़े जारी किए हैं।

कंपनी ने इस महीने कुल 7.34 लाख यूनिट्स की बिक्री की है। अक्टूबर 2025 में यह आंकड़ा 6.50 लाख यूनिट्स था। इस तरह कंपनी की बिक्री में सालाना आधार पर 13% की बढ़ोतरी दर्ज की गई है।

कंपनी की ओर से जारी आंकड़ों के मुताबिक, अक्टूबर में घरेलू बाजार में 6,64,831 यूनिट्स की बिक्री हुई, जबकि पिछले साल इसी महीने में 5,98,952 यूनिट्स बेची गई थीं। इस तरह घरेलू बिक्री में 11% की वृद्धि हुई है।

वहीं, निर्यात के मोर्चे पर भी कंपनी ने बेहतर प्रदर्शन किया। अक्टूबर 2026 में होंडा ने 69,735 यूनिट्स का निर्यात किया, जबकि अक्टूबर 2025 में यह संख्या 51,644 यूनिट्स थी। यानी निर्यात में सालाना आधार पर 35% की बढ़ोतरी हुई।

अप्रैल से अक्टूबर तक बिक्री में 15% का इजाफा

वित्त वर्ष 2026-27 के पहले सात महीनों यानी अप्रैल से अक्टूबर 2026 के दौरान भी HMSI की बिक्री में अच्छी बढ़त दर्ज की गई है। इस अवधि में कंपनी ने कुल 41,74,638 दोपहिया वाहन बेचे, जबकि पिछले वित्त वर्ष की समान अवधि में 36,44,151 यूनिट्स की बिक्री हुई थी। इसके साथ ही कंपनी की कुल बिक्री में 15% की सालाना वृद्धि दर्ज की गई।

घरेलू बाजार की बात करें तो अप्रैल-अक्टूबर 2026 के दौरान होंडा ने 37,08,903 यूनिट्स की बिक्री की। पिछले साल इसी अवधि में कंपनी ने 32,80,990 यूनिट्स बेची थीं। इस तरह घरेलू बिक्री में 13% की बढ़ोतरी हुई। दूसरी तरफ, निर्यात का आंकड़ा भी बढ़कर 4,65,735 यूनिट्स पर पहुंच गया, जो पिछले साल की समान अवधि के 3,63,161 यूनिट्स के मुकाबले 28% अधिक है।

7,000 से ज्यादा टचपॉइंट्स का नेटवर्क

होंडा के मुताबिक, अक्टूबर 2026 के दौरान त्योहारी सीजन में बाजार की मांग लगातार बनी रही। कंपनी अपने प्रोडक्ट पोर्टफोलियो और देशभर में फैले डीलर नेटवर्क के जरिए ग्राहकों तक पहुंच बनाने पर फोकस कर रही है। फिलहाल HMSI का नेटवर्क देशभर में 7,000 से ज्यादा टचपॉइंट्स तक फैला हुआ है।

अक्टूबर 2026 की बिक्री का पूरा आंकड़ा

कैटेगरी अक्टूबर 2026 अक्टूबर 2025 सालाना वृद्धि
कुल बिक्री 7,34,566 6,50,596 13%
घरेलू बिक्री 6,64,831 5,98,952 11%
निर्यात 69,735 51,644 35%

FY27 (अप्रैल-अक्टूबर) की बिक्री

कैटेगरी अप्रैल-अक्टूबर 2026 अप्रैल-अक्टूबर 2025 सालाना वृद्धि
कुल बिक्री 41,74,638 36,44,151 15%
घरेलू बिक्री 37,08,903 32,80,990 13%
निर्यात 4,65,735 3,63,161 28%

नोट: सभी प्रतिशत आंकड़े राउंड ऑफ किए गए हैं।

Parth Gupta ATB (Autotechbiz.in) में सब एडिटर के पद पर कार्यरत हैं। कार, बाइक और स्‍कूटर के साथ आफ्टर मार्केट प्रोडक्‍ट्स और एक्‍सेसरीज का टेक्‍स्‍ट और वीडियो में रिव्‍यू भी करते हैं। खाली समय में पार्थ को घूमने, पढ़ने का शौक है।