iPhone 18 का डिजाइन हो सकता है बिल्कुल नया: 48MP के दो कैमरे और A20 चिपसेट मिलने की उम्मीद, यहां करें चेक

Apple iPhone 18 के संभावित डिजाइन की तस्वीरें सामने आई
Apple iPhone 18 के संभावित डिजाइन की तस्वीरें सामने आई

Apple के अगले स्टैंडर्ड iPhone को लेकर चर्चाएं तेज हो गई हैं। अपकमिंग iPhone 18 के डिजाइन में इस बार बदलाव देखने को मिल सकता है। हाल ही में सामने आई कुछ तस्वीरों में फोन का संभावित डिजाइन दिखाया गया है, जिसमें पीछे की तरफ कैमरा मॉड्यूल पहले से ज्यादा चौड़ा नजर आ रहा है।

हालांकि, ये तस्वीरें AI से तैयार की गई प्रतीत होती हैं। ऐसे में इन्हें फोन के वास्तविक डिजाइन की पुष्टि नहीं माना जा सकता। कंपनी ने अभी तक इस स्मार्टफोन के बारे में आधिकारिक जानकारी साझा नहीं की है।

iPhone 18 में दिख सकता है चौड़ा कैमरा मॉड्यूल

लीक तस्वीरों के मुताबिक, iPhone 18 में मौजूदा iPhone 17 के वर्टिकल डुअल कैमरा सेटअप की जगह नया कैमरा डिजाइन देखने को मिल सकता है। इसमें फोन के पिछले हिस्से पर ऊपर की तरफ उठा हुआ हॉरिजॉन्टल कैमरा मॉड्यूल दिया गया है। इसके अंदर दोनों कैमरे एक-दूसरे के नीचे दिखाई देते हैं। साथ ही LED फ्लैश और दूसरे सेंसर भी नजर आते हैं।

तस्वीरों में फोन को सिल्वर और पिंक कलर में दिखाया गया है। हालांकि, यह स्पष्ट नहीं है कि Apple अपने फाइनल प्रोडक्ट में इसी डिजाइन और कलर ऑप्शन का इस्तेमाल करेगा या नहीं।

iPhone 18 में मिल सकते हैं 48MP के दो कैमरे

कैमरा फीचर्स की बात करें तो iPhone 18 में डुअल रियर कैमरा सेटअप मिलने की उम्मीद है। इसमें 48MP का प्राइमरी कैमरा और 48MP का अल्ट्रावाइड कैमरा दिया जा सकता है। फोन में अलग से टेलीफोटो कैमरा मिलने की संभावना नहीं है।

सेल्फी और वीडियो कॉलिंग के लिए इसमें 18MP का फ्रंट कैमरा मिल सकता है। हालांकि, कैमरा हार्डवेयर और अन्य फीचर्स से जुड़ी ये जानकारियां अभी अनऑफिशियल हैं। कंपनी की ओर से इनकी पुष्टि होना बाकी है।

A20 चिपसेट और 256GB स्टोरेज मिलने की उम्मीद

परफॉर्मेंस के लिए Apple के इस स्मार्टफोन में नया A20 चिपसेट दिया जा सकता है। रिपोर्ट्स के अनुसार, फोन में 9GB RAM और 256GB की बेस स्टोरेज मिल सकती है। इसके अलावा, डिवाइस में iOS 27 ऑपरेटिंग सिस्टम और Apple का C2 मॉडेम दिए जाने की भी चर्चा है।

फोन को धूल और पानी से सुरक्षित रखने के लिए IP68 रेटिंग मिलने की संभावना है। हालांकि, चिपसेट, रैम, स्टोरेज और अन्य स्पेसिफिकेशन्स की जानकारी फिलहाल लीक और रिपोर्ट्स पर आधारित है।

कब लॉन्च होगा iPhone 18?

Apple ने अभी तक iPhone 18 की लॉन्च डेट या उपलब्धता को लेकर कोई आधिकारिक घोषणा नहीं की है। रिपोर्ट्स में दावा किया जा रहा है कि स्टैंडर्ड iPhone 18 को 2027 के स्प्रिंग इवेंट में पेश किया जा सकता है। ऐसे में फोन के डिजाइन, फीचर्स और लॉन्च से जुड़ी अधिक जानकारी के लिए कंपनी की आधिकारिक घोषणा का इंतजार करना होगा।