HomeAutomobilesGanga Expressway: दिल्ली से प्रयागराज का सफर सिर्फ 6 घंटे में, 5...
Ganga Expressway: दिल्ली से प्रयागराज का सफर सिर्फ 6 घंटे में, 5 खूबियां जो बनाती हैं देश का सबसे आधुनिक रोड
Ganga Expressway अब आम लोगों के लिए शुरू हो चुका है। PM Modi ने इस एक्सप्रेस वे का उद्घाटन भी कर दिया है। अब कैसे दिल्ली से प्रयागराज जाना आसान हो जाएगा। इस रिपोर्ट में पढ़ते हैं।
शुरू हुआ Ganga Expressway
इंडिया में एक के बाद कई एक्सप्रेस वे बनाए जा रहे हैं। Delhi-Mumbai हो या फिर कुछ दिन पहले शुरू हुआ Delhi-Dehradun Expressway। हर कोई हजारों किलोमीटर का सफर सिर्फ कुछ घंटों में करने की चाहत रखता है। इसके लिए एक और एक्सप्रेस वे के तौर पर गंगा एक्सप्रेस वे भी शुरू हो गया है।
दिल्ली से प्रयागराज जाना हुआ आसान
गंगा एक्सप्रेस वे भले ही मेरठ से प्रयागराज के लिए बनाया गया है, लेकिन इसकी बदौलत दिल्ली से भी प्रयागराज जाना आसान हो गया है। दिल्ली से जाने वालों को पहले हापुड़ पहुंचना पड़ेगा और वहां से प्रयागराज के लिए गंगा एक्सप्रेस वे पर सफर करते हुए कुछ ही घंटों में मंजिल तक पहुंचा जा सकेगा।
यूपी को भी होगा बड़ा फायदा
उत्तर प्रदेश जैसे बड़े राज्य को भी इस एक्सप्रेस वे से काफी फायदा पहुंचेगा। इसके जरिए अब पश्चिमी उत्तर प्रदेश और पूर्वी उत्तर प्रदेश काफी पास आ गए हैं। उत्तर प्रदेश के मेरठ से प्रयागराज जाने में अब सिर्फ 6 घंटे ही लगेंगे। जिससे बड़ी संख्या में सामान हो या टूरिस्ट आसानी से कम समय में जा पाएंगे।
हैं बड़ी खूबियां
गंगा एक्सप्रेस वे को बनाने में भले ही समय लगा है, लेकिन 594 किलोमीटर लंबे इस ग्रीनफील्ड एक्सप्रेस वे पर सफर करना काफी आरामदायक होगा। यह एक्सप्रेस वे यूपी के 12 जिलों को एक-दूसरे के पास ले आया है जिसमें मेरठ, हापुड़, बुलंदशहर, अमरोहा, बदायूं, संभल, शाहजहांपुर, हरदोई, उन्नाव, रायबरेली, प्रतापगढ़ और प्रयागराज शामिल हैं।
IAF को भी होगी आसानी
देश में जिस टेक्नोलॉजी और कोशिश से नए एक्सप्रेस वे बनाए जा रहे हैं, उसका फायदा युद्ध जैसे हालातों में सेना को भी होगा। भारतीय सेना न सिर्फ ऐसे एक्सप्रेस वे के जरिए काफी तेजी से मोबिलाइजेशन कर सकती है, बल्कि वायु सेना भी इमरजेंसी में अपने फाइटर जेट्स को इन पर उतार सकती है। गंगा एक्सप्रेस वे इंडिया का पहला ऐसा एक्सप्रेस वे बन गया है जहां पर रात में भी भारतीय वायु सेना अपने जहाज उतार पाएगी।
बने हैं 457 अंडरपास
गंगा एक्सप्रेस वे पर न सिर्फ ऊपर चल रहे वाहनों को आराम मिलेगा बल्कि इसके नीचे से भी कई गांव और शहर आपस में बेहतर तरीके से जुड़ गए हैं। इसके लिए 457 अंडरपास, 76 बड़े पुल, 21 अन्य पुल को इसके साथ साथ बनाया गया है।
120KM की स्पीड
देश के बाकी एक्सप्रेस वे की तरह ही इस पर भी 120 किलोमीटर की स्पीड से गाड़ी चलाई जा सकती है। इसके लिए अभी 3-3 लेन ही बनाई गई है और बाद में ट्रैफिक बढ़ेगा तो इसे 4-4 लेन का कर दिया जाएगा।
देना होगा Toll Tax
गंगा एक्सप्रेस वे पर सिर्फ कार, बस, ट्रक ही नहीं चल पाएंगे बल्कि इस पर टू-व्हीलर, थ्री-व्हीलर, ट्रैक्टर 1.28 रुपये प्रति किलोमीटर देकर सफर कर पाएंगे। लाइट मोटर व्हीकल या प्राइवेट कारों को 2.55 रुपये प्रति किलोमीटर, कमर्शियल व्हीकल को 4.05 रुपये प्रति किलोमीटर, बस और ट्रक को 8.20 रुपये, मल्टी एक्सल या भारी मशीनरी निर्माण वाले वाहनों को 12.60 रुपये, सात या उससे ज्यादा एक्सल वाले वाहनों और ओवरसाइज वाहनों के लिए इस एक्सप्रेस वे पर 16.10 रुपये प्रति किलोमीटर की दर से टैक्स देना होगा। प्राइवेट कारों के लिए इस पर भी FASTag Annual Pass मान्य रहेगा।