Huawei OSTA O1 Pro लॉन्च:, 7000mAh बैटरी और 200MP कैमरे के साथ आया दुनिया का पहला नॉन-फोल्डेबल वाइड स्क्रीन फोन

खबर की मुख्य बातें

Huawei ने चीन में अपना नया OSTA O1 Pro स्मार्टफोन पेश किया है।
इसमें 16:9.5 आस्पेक्ट रेश्यो वाली 6.39-इंच डिस्प्ले, 200MP कैमरा और 7000mAh की बैटरी दी गई है।

स्मार्टफोन की दुनिया में कंपनियां लगातार नए डिजाइन और फीचर्स के साथ प्रयोग कर रही हैं। इसी कड़ी में Huawei ने एक अलग स्क्रीन डिजाइन वाला नया स्मार्टफोन पेश किया है। कंपनी ने इसे Huawei OSTA O1 Pro नाम दिया है। इस फोन की सबसे खास बात इसका वाइड स्क्रीन डिजाइन है।

कंपनी के मुताबिक, यह दुनिया का पहला नॉन-फोल्डेबल वाइड स्क्रीन स्मार्टफोन है। चीन में इस फोन के प्री-ऑर्डर शुरू हो चुके हैं। इसमें 7000mAh की बड़ी बैटरी, 200MP का कैमरा और कंपनी का अपना Kirin 9030S प्रोसेसर दिया गया है।

Huawei OSTA O1 Pro के फीचर्स और स्पेसिफिकेशन्स

Huawei OSTA O1 Pro में 6.39 इंच की 1.5K LTPS फ्लैट डिस्प्ले दी गई है। इसका स्क्रीन आस्पेक्ट रेश्यो 16:9.5 है, जो इसे सामान्य स्मार्टफोन से अलग बनाता है। फोन के डिजाइन की बात करें तो इसके पिछले हिस्से में हॉरिजॉन्टल डुअल कैमरा मॉड्यूल दिया गया है। इसके साथ बैक पैनल पर OSTA की ब्रांडिंग भी देखने को मिलती है।

कंपनी ने इस स्मार्टफोन को Starry Black, Nebula White और Starburst Purple समेत तीन कलर ऑप्शन में पेश किया है। परफॉर्मेंस के लिए इसमें Huawei का इनहाउस Kirin 9030S चिपसेट लगाया गया है। यह फोन अलग-अलग रैम और स्टोरेज कॉन्फिगरेशन में उपलब्ध होगा। इनमें 12GB+256GB, 12GB+512GB, 16GB+512GB और 16GB+1TB शामिल हैं।

200MP कैमरा और 7000mAh की बैटरी

फोटोग्राफी के लिए Huawei OSTA O1 Pro में दमदार कैमरा सेटअप दिया गया है। इसके रियर पैनल पर 200 मेगापिक्सल का 1/1.28-इंच RYYB प्राइमरी कैमरा मिलता है। इसके साथ 50 मेगापिक्सल का 3.7x RYYB पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरा और Red Maple लेंस भी दिया गया है।

बैटरी की बात करें तो इस स्मार्टफोन में 7,000mAh की बैटरी मिलती है। इसे चार्ज करने के लिए 66W वायर्ड चार्जिंग का सपोर्ट दिया गया है। इसके अलावा फोन में वायरलेस चार्जिंग की सुविधा भी मौजूद है।

HarmonyOS 7 के साथ मिलेंगे AI फीचर्स

सॉफ्टवेयर के मामले में Huawei OSTA O1 Pro को HarmonyOS 7 AI Pioneer Edition के साथ पेश किया गया है। कंपनी इसे HarmonyOS AI स्मार्टफोन के तौर पर प्रमोट कर रही है। इसमें सिस्टम लेवल पर AI आधारित फीचर्स दिए जाएंगे।

Huawei का कहना है कि Kirin 9030S चिपसेट को हार्डवेयर, सॉफ्टवेयर, प्रोसेसर और क्लाउड के बीच बेहतर तालमेल बनाने के उद्देश्य से तैयार किया गया है। कंपनी के मुताबिक, इस कॉम्बिनेशन से स्मार्टफोन का ओवरऑल एक्सपीरियंस बेहतर बनाने में मदद मिलेगी।

Huawei OSTA O1 Pro की कीमत

Huawei ने अपने इस नए स्मार्टफोन को चीन में चार वेरिएंट में लॉन्च किया है। इसके बेस मॉडल में 12GB रैम और 256GB स्टोरेज मिलती है, जिसकी कीमत 5,499 युआन (करीब 76,500 रुपये) रखी गई है।

वेरिएंट चीन में कीमत भारतीय रुपये में कीमत
12GB+256GB 5,499 युआन ₹76,500
12GB+512GB 6,499 युआन ₹90,330
16GB+512GB 7,299 युआन ₹1,01,458
16GB+1TB 8,799 युआन ₹1,22,309

फिलहाल Huawei की ओर से सभी वेरिएंट पर 200 युआन (करीब 2,780 रुपये) की छूट दी जा रही है। फोन के प्री-ऑर्डर चीन में शुरू हो चुके हैं। फिलहाल इसकी ग्लोबल और भारतीय बाजार में उपलब्धता को लेकर जानकारी सामने नहीं आई है।