Flipkart: फ्लिपकार्ट के डिलीवरी बेड़े में इलेक्ट्रिक वाहनों की बढ़ी हिस्सेदारी, त्योहारी सीजन में दोगुना हुआ ईवी फ्लीट

खबर की मुख्य बातें

Flipkart: फ्लिपकार्ट इलेक्ट्रिक वाहनों को बढ़ावा देने के लिए डिलीवरी पार्टनर्स को ट्रेनिंग, वित्तीय विकल्प और चार्जिंग सुविधाएं उपलब्ध करा रहा है।
कंपनी के ईवी असिस्ट प्लेटफॉर्म और अन्य पहलों का उद्देश्य इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाना आसान बनाना है।

ऑनलाइन शॉपिंग के बढ़ते दायरे के बीच कंपनियां अब डिलीवरी सेवाओं को पर्यावरण के अनुकूल बनाने पर भी जोर दे रही हैं। इसी दिशा में फ्लिपकार्ट इलेक्ट्रिक वाहनों (EV) के इस्तेमाल को बढ़ावा देने के लिए कई स्तरों पर काम कर रहा है। कंपनी का मानना है कि डिलीवरी पार्टनर्स के लिए इलेक्ट्रिक वाहनों को अपनाना तभी आसान होगा, जब उन्हें सही जानकारी के साथ आर्थिक और बुनियादी सुविधाओं का सहयोग भी मिले।

फ्लिपकार्ट अपने डिलीवरी पार्टनर्स, जिन्हें विशमास्टर्स कहा जाता है, को ईवी से जुड़ी जानकारी देने के लिए ट्रेनिंग प्रोग्राम, जागरूकता अभियान, डिजिटल लर्निंग और देशभर में रोडशो आयोजित कर रहा है। इन कार्यक्रमों के जरिए उन्हें सरकारी प्रोत्साहन योजनाओं और उपलब्ध वित्तीय विकल्पों के बारे में बताया जा रहा है।

कंपनी ने बेंगलुरु में एक ईवी मेले का आयोजन भी किया था। इसमें एम्पीयर, बजाज, हीरो विडा और मोटोवोल्ट जैसे वाहन निर्माताओं के साथ कई वित्तीय संस्थानों ने हिस्सा लिया। इसका उद्देश्य डिलीवरी पार्टनर्स को इलेक्ट्रिक वाहनों और उन्हें इस्तेमाल करने से जुड़े विकल्पों की जानकारी देना था।

किराये पर भी मिल रहे इलेक्ट्रिक वाहन

इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहनों की शुरुआती कीमत कई डिलीवरी पार्टनर्स के लिए चुनौती बन सकती है। इस समस्या को ध्यान में रखते हुए फ्लिपकार्ट ने इस साल की शुरुआत में ईवी असिस्ट प्लेटफॉर्म शुरू किया था।

यह प्लेटफॉर्म विशमास्टर्स को इलेक्ट्रिक दोपहिया वाहन किराये पर देने वाली कंपनियों से जोड़ता है। इससे डिलीवरी पार्टनर्स को वाहन खरीदने के लिए एकमुश्त बड़ी रकम खर्च करने की जरूरत नहीं पड़ती। कंपनी के मुताबिक, दिल्ली-एनसीआर, पटना और बेंगलुरु में इस प्लेटफॉर्म को अच्छी प्रतिक्रिया मिली है।

चार्जिंग नेटवर्क पर भी काम

इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल को बढ़ाने के लिए चार्जिंग और बैटरी स्वैपिंग की सुविधा भी जरूरी है। इसके लिए फ्लिपकार्ट, भारत की प्रमुख बैटरी स्वैपिंग कंपनियों में शामिल यूमा (YUMA) और अन्य इकोसिस्टम पार्टनर्स के साथ मिलकर काम कर रहा है।

इस पहल के तहत कंपनी अपने हब और माइक्रो फुलफिलमेंट सेंटर्स में चार्जिंग इंफ्रास्ट्रक्चर विकसित कर रही है। फिलहाल बेंगलुरु में आठ बैटरी स्वैपिंग स्टेशन चालू हैं। आने वाले समय में इस सुविधा को दूसरे महानगरों तक पहुंचाने की योजना है।

ईवी इस्तेमाल करने वालों में चार गुना ज्यादा रुचि

फ्लिपकार्ट ग्रुप के चीफ कॉरपोरेट अफेयर्स ऑफिसर रजनीश कुमार के मुताबिक, इलेक्ट्रिक वाहन अपनाने के फैसले में डिलीवरी पार्टनर्स के लिए वाहन चलाने की लागत, चार्जिंग सुविधाओं की उपलब्धता और वित्तीय सहायता सबसे महत्वपूर्ण पहलू हैं।

उन्होंने बताया कि जो डिलीवरी पार्टनर्स पहले इलेक्ट्रिक वाहन इस्तेमाल कर चुके हैं, उनमें दोबारा इसे अपनाने की इच्छा करीब चार गुना अधिक है।

रजनीश कुमार के अनुसार, कंपनी का प्रयास है कि डिलीवरी पार्टनर्स को पहली बार इलेक्ट्रिक वाहन इस्तेमाल करने का अवसर आसानी से मिल सके। इस त्योहारी सीजन में फ्लिपकार्ट के इलेक्ट्रिक वाहन बेड़े का दोगुना होना इस बात का संकेत है कि सुविधाएं और सहयोग मिलने पर डिलीवरी पार्टनर्स भी इस बदलाव को अपनाने के लिए तैयार हैं।

कंपनी आगे भी अपने विशमास्टर्स और साझेदारों के साथ मिलकर इलेक्ट्रिक वाहनों के इस्तेमाल को बढ़ावा देने की दिशा में काम जारी रखेगी।