Honor 700 Series Launch: तीन नए स्मार्टफोन लॉन्च, 9000mAh बैटरी और 200MP कैमरे के साथ मिलेगा रियर डिस्प्ले

खबर की मुख्य बातें

Honor ने चीन में अपनी नई Honor 700 सीरीज लॉन्च की है।
इस सीरीज में Honor 700, Honor 700 Pro और Honor 700S स्मार्टफोन शामिल हैं।
तीनों फोन में 200MP कैमरा, 9,000mAh बैटरी और कैमरा मॉड्यूल के पास एक खास रियर डिस्प्ले दी गई है।

स्मार्टफोन में अब कंपनियां सिर्फ फ्रंट और रियर डिस्प्ले तक सीमित नहीं रहना चाहतीं। नए डिजाइन और फीचर्स के साथ फोन के पिछले हिस्से को भी ज्यादा उपयोगी बनाया जा रहा है। इसी दिशा में Honor ने अपनी नई Honor 700 सीरीज पेश की है। कंपनी ने चीन में इस सीरीज के तहत तीन स्मार्टफोन Honor 700, Honor 700 Pro और Honor 700S लॉन्च किए हैं।

इन तीनों फोन की सबसे बड़ी खासियत इनके रियर पैनल पर दी गई छोटी डिस्प्ले है। Honor ने इसे Floating Island नाम दिया है। इसे कैमरा मॉड्यूल के ठीक दाईं ओर जगह दी गई है। इस स्क्रीन की मदद से यूजर्स नोटिफिकेशन देख सकते हैं। इसके अलावा फ्लाइट से जुड़ी जानकारी, फूड पिकअप कोड और म्यूजिक कंट्रोल जैसे काम भी किए जा सकते हैं।

इसका इस्तेमाल रियर कैमरे से सेल्फी लेने के दौरान व्यूफाइंडर के तौर पर भी किया जा सकता है। इसमें तीन लाइटिंग मोड वाला सॉफ्ट लाइट रिंग भी दिया गया है। ऐसे में फोन के रियर कैमरे से फोटो लेते समय भी यूजर्स को बेहतर सुविधा मिल सकती है।

Honor 700 Series के स्पेसिफिकेशन्स

Honor 700 सीरीज के तीनों स्मार्टफोन में 6.57 इंच की 1.5K LTPS डिस्प्ले दी गई है। यह स्क्रीन 120Hz रिफ्रेश रेट सपोर्ट करती है। कंपनी के मुताबिक, डिस्प्ले की पीक ब्राइटनेस 8,000 निट्स तक जा सकती है।

प्रोसेसर के मामले में तीनों मॉडल में अंतर देखने को मिलता है। Honor 700 Pro में Snapdragon 8 Gen 5 प्रोसेसर दिया गया है। वहीं, स्टैंडर्ड Honor 700 में Snapdragon 8s Gen 4 चिपसेट मिलता है। दूसरी तरफ Honor 700S को Snapdragon 7 Gen 4 प्रोसेसर के साथ पेश किया गया है।

Honor 700 Series के कैमरा फीचर्स

कैमरा इस सीरीज का एक और प्रमुख आकर्षण है। Honor ने तीनों स्मार्टफोन में 200MP का प्राइमरी रियर कैमरा दिया है। इसके अलावा Honor 700 और Honor 700 Pro में 12MP का अल्ट्रावाइड लेंस भी मिलता है।

इन दोनों मॉडल में 50MP का पेरिस्कोप टेलीफोटो कैमरा भी दिया गया है, जो 3.5x ऑप्टिकल जूम सपोर्ट करता है। फोटोग्राफी को बेहतर बनाने के लिए इनमें 4K सिनेमैटिक Live Photo मोड भी शामिल किया गया है।

9000mAh बैटरी और 80W फास्ट चार्जिंग

बैटरी के मामले में Honor ने इस सीरीज में बड़ा अपग्रेड दिया है। तीनों स्मार्टफोन में 9,000mAh की Qinghai Lake बैटरी मिलती है। इसके साथ 80W वायर्ड चार्जिंग सपोर्ट दिया गया है।

हालांकि, Honor 700 Pro में एक अतिरिक्त सुविधा भी मिलती है। यह मॉडल 50W वायरलेस चार्जिंग को भी सपोर्ट करता है।

इसके अलावा Honor 700 और Honor 700 Pro की रियर स्क्रीन में PPG सेंसर दिया गया है। इसकी मदद से हार्ट रेट, ब्लड ऑक्सीजन और HRV जैसी रीडिंग हासिल की जा सकती हैं।

Honor 700 Series की कीमत और उपलब्धता

Honor ने चीन में तीनों स्मार्टफोन की कीमतों का भी खुलासा कर दिया है। अलग-अलग मॉडल और स्टोरेज वेरिएंट के हिसाब से इनकी कीमत इस प्रकार है:-

स्मार्टफोन रैम और स्टोरेज चीन में कीमत भारतीय कीमत (लगभग)
Honor 700S 12GB+256GB 3,599 युआन ₹42,000
Honor 700 — 3,999 युआन ₹47,000
Honor 700 Pro — 4,599 युआन ₹54,000

कंपनी ने तीनों स्मार्टफोन की प्री-बुकिंग शुरू कर दी है। इनकी पहली सेल 27 नवंबर से चीन में शुरू होगी। फिलहाल भारतीय बाजार में इन स्मार्टफोन की लॉन्चिंग को लेकर कोई जानकारी नहीं दी गई है।